देवबंद (सहारनपुर)। सपा नेता कार्तिकेय राणा ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) को धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनाव की तरह ब्लाक प्रमुख चुनाव में प्रशासन की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।
पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राणा के सुपुत्र कार्तिकेय राणा ने मंगलवार को देवीकुंड रोड स्थित प्रतिष्ठान में पत्रकार वार्ता में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाकर दबाव बनाना चाहता है, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। प्रशासन की मंशा सफल नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि वह देवबंद के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को मुजफ्फरनगर या मेरठ की तरह जिला पंचायत का चुनाव न बनाएं। सपा नेता अजय राणा ने कहा कि यदि प्रशासन ने ब्लाक प्रमुखी चुनाव में कोई गड़बड़ी कराई तो इसका समय आने पर जवाब दिया जाएगा। बता दें कि कार्तिकेय राणा की पत्नी नितिशा राणा समाजवादी पार्टी से ब्लाक प्रमुख पद की दावेदार हैं। उन्हें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद ने पूर्व में अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। पत्रकार वार्ता में बबल त्यागी, तंजीम खान, फहीम नंबरदार, सिकंदर गौड़ आदि रहे।