पुरकाजी। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को गांव मांडला में हुई युवक अश्वनी की मौत के मामले में परिवार के लोगाें से पूछताछ की। मृतक की पत्नी और चचेरे भाई को थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि अभी जांच चल रही है। बता दें कि गांव मांडला निवासी 25 वर्षीय युवक अश्वनी लापता हो गया था। उसके पिता कदम पाल ने 15 जून को थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 18 जून को गांव मांडला में एक शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान लापता हुए गांव के ही अश्वनी के रूप में की थी। परिजनों ने शव अश्वनी का होने से इंकार कर दिया था। मगर, बाद में परिजनों ने शव की अश्वनी के रूप में पुष्टि कर दी थी। अश्वनी की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की, इसकी आज तक पुष्टि नहीं हो पाई है। शनिवार को एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय व सीओ सदर हेमंत कुमार ने पुरकाजी थाने पहुंचकर अश्वनी की पत्नी रजनी व मृतक के चेचेरे भाई को थाने बुलाकर पूछताछ की। सीओ सदर ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
युवक की गुमशुदगी दर्ज
पुरकाजी। कस्बा निवासी शुभम गोयल मनोरोगी है। वह 14 जून को घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शनिवार को उसकी माता पूनम की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की है।
मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने गांव हरिनगर निवासी गीता की तहरीर पर उसके पति सुशील के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में एनसीआर दर्ज की है। इसके अलावा थाने के हिस्ट्रीशीटर आसिफ निवासी मोहल्ला कानूनगोयान का शांति भंग की धाराओं में चालान किया है।