मुजफ्फरनगर। समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष मासूम अली त्यागी एवं सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के नेतृत्व में वित्तविहीन व स्ववित्तपोषित प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चशिक्षा के शिक्षकों की कोरोना काल के चलते दयनीय आर्थिक स्थिति आदि समस्याओं को लेकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि 15 माह से कोरोना के कठिन दौर के चलते वित्तविहीन व स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों के पठन पाठन बाधित होने से विद्यालयों में बहुत कम शुल्क प्राप्त होने के चलते व प्रबंधकों के अपनी क्षमतानुसार देने के बाद भी शिक्षकों की आर्थिक स्थिति दयनीय है। उनके परिवार भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। उन्होंने ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों को अप्रैल से प्रत्येक माह उचित मानदेय देने की मांग के साथ पंचायत चुनाव ड्यूटी में जान गंवाने वाले शिक्षक व शिक्षक कर्मियो के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की अर्थिक सहायता व उनके एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, साजिद हसन, ब्रह्मस्वरूप, डा. निर्भय सिंह, हरिमोहन, देवेंद्र राघव, विजय लक्ष्मी, राजकुमार शर्मा, शाहिद रुड़कली आदि मौजूद रहे।