शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। सोरम गांव में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के खिलाफ नारेबाजी को लेकर भाजपा और रालोद समर्थकों के बीच मारपीट से तनावपूर्ण हालात हो गए। केंद्रीय राज्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शाहपुर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी संजीव बालियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। दो घंटे बाद एसडीएम और सीओ ने केंद्रीय राज्यमंत्री बालियान सहित 20-25 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ तहरीर लेकर प्रदर्शनकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
सोमवार को सोरम में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के विरोध को लेकर हुई मारपीट की घटना को लेकर रालोद और भाकियू नेताओं नेे चौपाल पर पंचायत कर इस मामले में थाने पहुंच मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया। पंचायत में मौजूद रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह, पूर्व विधायक राजपाल बालियान व अनुज प्रमुख के अलावा भाकियू जिला उपाध्यक्ष बिजेंद्र बालियान, ब्लाक अध्यक्ष विपिन बालियान, वीरेंद्र सिंह, सतेंद्र प्रधान आदि सैकड़ों ग्रामीणों के साथ शाहपुर थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाने का घेराव करने के साथ धरना प्रदर्शन किया। डॉक्टर संजीव बालियान के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
रालोद नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शाम साढ़े पांच बजे से दो घंटे तक हंगामा होता रहा। बाद में रालोद जिलाध्यक्ष ने घायल योगेश की ओर से सीओ और एसडीओ को डॉक्टर संजीव बालियान और 20-25 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर दी। तहरीर लेने के बाद ही ग्रामीणों ने धरना, प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद पुलिस ने घायल प्रदीप, योगेश, बिलेंद्र उर्फ सीटू, और पिंकार की अस्पताल में डॉक्टरी कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटना की जांच पड़ताल कर रही है। धरने में सोरम के अलावा गोयला, शाहजुड्डी, काकड़ा, रसूलपुर जाटान, गढ़ी बहादुरपुर के भी ग्रामीण मौजूद रहे। थाने पर हुए धरने की अध्यक्षता भगत सिंह व संचालन मास्टर सुरेंद्र सिंह ने किया । एसडीएम बुढ़ाना अशोक कुमार , सीओ बुढ़ाना विनय गौतम के अलावा बुढ़ाना व शाहपुर पुलिस मौजूद रहे।
रालोद का प्री प्लान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान का कहना है कि गत दिवस भैंसवाल में सपा नेता के परिवार वालों ने विरोध किया था। सोरम का विरोध रालोद का प्री प्लान था। यही कारण है कि दस मिनट बाद ही पूर्व मंत्री योगराज सिंह गांव में पहुंच गए। सभी रालोद नेता कुछ ही देर में एकत्र हो गए। ये लोग जान बूझकर जिले में तनाव पैदा करना चाहते हैं।
सोरम के मामले में योगेश की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक यादव
एसएसपी