संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा विभाग की वार्षिक परीक्षा में परीक्षार्थियों ने गणित, हिंदी, विज्ञान और संस्कृत/उर्दू विषय का प्रश्न पत्र हल किया। सभी 951 विद्यालयों में परीक्षा कराई गई।
बेसिक शिक्षा के स्कूलों में वार्षिक परीक्षा में शनिवार को करीब एक लाख 36 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने बताया कि वार्षिक परीक्षा दो पालियों में कराई गई। सुबह सवा नौ बजे से शुरू हुई प्रथम पाली में कक्षा दो की गणित विषय की परीक्षा कराई गई। कक्षा तीन के छात्र-छात्राओं ने प्रथम पाली में गणित व द्वितीय पाली में संस्कृत/उर्दू की परीक्षा दी। कक्षा चार, पांच व छह के परीक्षार्थियों ने प्रथम पाली में हिंदी और द्वितीय पाली में संस्कृत/उर्दू विषय का प्रश्न पत्र हल किया। कक्षा सात व आठ के छात्र-छात्राओं ने प्रथम पाली में विज्ञान व द्वितीय पाली में संस्कृत/उर्दू विषय की परीक्षा दी।
शनिवार को कक्षा दो से आठ तक के छात्र-छात्राओं की परीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि अब तीन दिन की छुट्टी के बाद आखिरी परीक्षा 27 मार्च को होगी। इसमें कक्षा एक से आठ तक के परीक्षार्थी सभी विषयों की मौखिक परीक्षा में शामिल होंगे।