हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
जानसठ क्षेत्र में पानीपत खटीमा राजमार्ग पर दो अलग अलग हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सिपाही समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बुधवार देर रात जिला बिजनौर निवासी 25 वर्षीय अकरम पुत्र मोमीन ससुर वाजिद अली के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर से बिजनौर जा रहे थे। जैसे ही वे गांव सालारपुर के पास पहुंचे, तो एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने अकरम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मृतक के घायल ससुर को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरी ओर बहसूमा निवासी सिपाही अमित पुत्र राजेंद्र जिला सहारनपुर के नांगल थाने में तैनात है। वह ड्यूटी करके बुधवार रात को कार से घर जा रहा था। जैसे ही वह पानीपत खटीमा राजमार्ग पर पिमौड़ा पुलिया के पास पहुंचा। उसकी टक्कर ट्रैक्टर ट्रॉली से हो गई। जिसमें सिपाही घायल हो गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर एसडीएम उमेश कुमार मिश्र, सीओ एसकेएस प्रताप व इंस्पेक्टर अमरदीप तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल सिपाही को कार से बड़ी मुश्किल से बाहर निकाल कर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।