संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। पालिका टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने वाले तीन दुकानों पर साढ़े छह हजार जुर्माना करते हुए रकम वसूल की। वहीं अतिक्रमण करने वाले तीन व्यापारियों पर भी तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्हें भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
नगरपालिका के तत्वावधान में 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम के अन्तर्गत शहरी क्षेत्र में जनजागरण और छापामार अभियान चलाया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार के नेतृत्व में स्थानीय रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर वृहद स्तर पर सफाई कराई गई। दोपहर बाद कर अधीक्षक नरेश शिवालिया के नेतृत्व में भगत सिंह रोड पर प्लास्टिक और पॉलीथिन के विरोध में हल्ला बोल छापामार अभियान चलाया गया। शिव चौक से शामली बस स्टैंड तक चले इस अभियान में पालिका टीम ने व्यापारियों को अतिक्रमण हटवाने के लिए निर्देशित किया। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले तीन व्यापारियों से तीन हजार रुपये जुर्माना मौके पर वसूलते हुए उनको चेतावनी दी गई। इसके साथ ही तीन दुकानदारों के यहां पर प्रतिबंधित पॉलीथिन की बिक्री पकड़े जाने पर डेढ़ किग्रा. पॉलीथिन जब्त करते हुए साढ़े छह हजार रुपये का जुर्माना भी मौके पर ही वसूल किया गया।