साहब, पिता बीमार है, वाहन नहीं दे पाऊंगा
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव के लिए वाहन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। वाहन मालिक अपनी समस्याएं बताकर अधिग्रहण में छूट मांग रहे हैं। कोई कहता है कि साहब, पिता बीमार है। तो कोई कह रहा है, कि मेरे पास तो गाड़ी ही नहीं है, ऐसे में वह गाड़ी कहां से दे। चुनावी ड्यूटी में 4700 वाहन लगेंगे, जिनका इंतजाम करने में परिवहन विभाग को पसीने छूट रहे हैं।
एआरटीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव में कर्मचारियों, अधिकारियों व पुलिस की ड्यूटी में जिले भर में लगभग साढ़े 550 छोटी-बड़ी बसें, 100 वाहन रिजर्व, 2000 कार, 250 ट्रक, पैरामिलिट्री के लिए 1000 वाहन,700 पिकअप कुल 4700 वाहन लगेंगे। वाहनों के अधिग्रहण के लिए वाहन मालिकों को नोटिस भेजे गए है। सूत्र बताते है कि वाहन न देना पड़े, इसके लिए 90 से ज्यादा प्रार्थना पत्र अधिकारियों को दिए गए है।
थाने में मुकदमा दर्ज
सिविल लाइन थाना पुलिस ने एआरटीओ की तहरीर पर बुढ़ाना निवासी प्रेम कुमार, राम मेहर, छपार निवासी ऐशवती, शहाबुदीनपुर निवासी राहुल चौहान, जसोई निवासी अवर खान, नई मंडी निवासी प्रवेंद्र कुमार, खालापार निवासी शादाब अरशद, रामलीला टिल्ला निवासी राकेश्वर सिंह, सूजडू निवासी महताब के खिलाफ वाहन न देने पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
यह दिए प्रार्थना पत्र
पिता बीमार है
नई मंडी निवासी विजय अग्रवाल ने प्रार्थना पत्र देकर कहा, कि उनके पिता की रीढ़ की हड्डी का आपरेशन दिल्ली अस्पताल में हुआ है। पिता को दिखाने ले जाना पड़ता है।
हार्ट की बीमारी
तुलसीपुर जानसठ निवासी नरेश कुमार ने कहा, कि वह हार्ट के बीमार है। उनका इलाज मेरठ लालकुर्ती ट्रामा सेंटर तीसरे-चौथे दिन जाना पड़ता है।
कार चोरी
नई मंडी के गांव बझेड़ी निवासी मनव्वर की गाड़ी को भी अधिग्रहण के लिए नोटिस भेजा है। विडंबना है कि उसकी गाड़ी 13 अक्तूबर 2021 को इंद्रापुरम गाजियाबाद से चोरी हो चुकी है।
चलने योग्य नहीं है
दिल्ली निवासी इंद्रपाल सिंह की केंटर जानसठ रोड पर पकड़ा गया। गाड़ी मालिक ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनकी गाड़ी नजीजाबाद से दिल्ली सब्जी मंडी में सब्जी लेकर जाती है। दुरुस्त हालत में नहीं है। चलने योग्य भी नहीं है।
बेटी की शादी में दी गाड़ी
खतौली निवासी रमेश कुमार का कहना है कि उन्होंने गाड़ी अपनी बेटी की शादी में दी थी। गाड़ी बेटी के नाम है। गाड़ी बेटी साथ ले गई थी। अब उन्हें एआरटीओ कार्यालय से नोटिस मिला है।