श्रीराम कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेती छात्राएं
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के बेसिक साइंस विभाग में मानव स्वास्थ्य पर प्रदूषण के प्रभाव पर हुई विचार गोष्ठी और नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में सिमरन और नारा लेखन में डोली प्रथम स्थान पर रही।
शुभारंभ महाविद्यालय के डीन डॉ. विनीत कुमार शर्मा एवं विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा तोमर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ। पहले चरण में नारा लेखन प्रतियोगिता हुई। जिसमें 15 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। दूसरे चरण में विचार गोष्ठी हुई। जिसमें दस से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण आज के समय की एक जटिल समस्या बन गया है और इसका निवारण अति आवश्यक है। सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण प्रदूषण से होने वाले हानिकारक प्रभावों और उनसे बचने के उपायों पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।
विचार गोष्ठी में बीएससी (जीवविज्ञान) की सिमरन प्रथम, आयशा निदा खान द्वितीय स्थान और बीएससी (गणित) के मुबस्सिर अल्वी तृतीय स्थान पर रहे। नारा लेखन प्रतियोगिता में बीएससी (गणित) की डोली प्रथम, बीएससी (जीवविज्ञान) की सिमरन द्वितीय और प्राची बालियान तृतीय स्थान पर रहे। विभाग कि विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा मित्तल ने छात्र-छात्रों और अतिथियों का आभार जताया। संचालन सचिन कुमार शर्मा ने किया। मौके पर डॉ. मनोज कुमार मित्तल, डॉ. रितु पुंडीर, डॉ. राहुल आर्य, ऋषभ भारद्वाज, साक्षी त्यागी, राजदीप सहरावत एवं मनीषा आदि उपस्थित रहे।