सीकरी के युवक की नोएडा में मौत
भोपा। गांव सीकरी निवासी युवक की नोएडा स्थित बिल्डिंग में काम करते समय हुए हादसे में मौत हो गई। गमगीन माहौल में शव को गांव लाकर सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी खुर्रम (25) पिछले करीब आठ साल से दिल्ली-नोएडा में रहकर बिल्डिंग में एल्युमीनियम लगाने का काम करता था। शनिवार को वह साथी के साथ नोएडा स्थित एक बिल्डिंग में दूसरी मंजिल पर बनाए गए पैड पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल खुर्रम को तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रात में ही परिजन नोएडा पहुंचे और रविवार सुबह शव लेकर गांव लौट आए, जहां गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे-खाक किया गया। खुर्रम के परिवार में पत्नी बुशरा और छह साल की बेटी है।