पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम मंगलवार को शुकतीर्थ का किया भ्रमण
बोले, 12 किलोमीटर की परिधि में शुकतीर्थ का होगा विकास
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम मंगलवार को शुकतीर्थ पहुंचे और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने उन्हें क्षेत्र का भ्रमण कराया। भ्रमण के बाद प्रमुख सचिव ने कहा कि शुकतीर्थ के आसपास 12 किलोमीटर की परिधि में तीर्थ नगरी को विकसित किया जाएगा।
शुकतीर्थ पहुंचे पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने सर्व प्रथम गंगा घाट पर जाकर गंगा के जल स्तर, नवनिर्मित घाट, सुंदरीकरण, परिक्रमा मार्ग, नवनिर्मित पार्क की उचित देखरेख, जल प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था मुख्य मार्गों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने गंगा घाट पर बने जर्जर हो चुके पुल, गंगा में जल स्तर को बढ़ाने पर विशेष ध्यानाकर्षण कराया। गंगा सेवा समिति के महामंत्री डॉ. महकार सिंह ने तीर्थ स्थल को गंगा एक्सप्रेस वे के माध्यम से हरिद्वार से जोड़ने की मांग की। प्रमुख सचिव ने तीर्थ स्थल में योजनाबद्ध विकास को लेकर स्थानीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद विकास कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यटन विभाग मंजू चौधरी, प्रधान के पति राजपाल सैनी, विनोद शर्मा, देवेंद्र आर्य, प्रदीप निर्वाल आदि उपस्थित रहे।