संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। श्रीगणपति धाम मंदिर ट्रस्ट रजिस्टर्ड की ओर से भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर में पांच दिवसीय श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 29 अक्तूबर को एक शाम ठाकुर जी के नाम संकीर्तन से होगा। शोभायात्रा, श्याम नाम की मेहंदी, निशान यात्रा, तुलसी विवाह और बधाई उत्सव होगा।
मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत में समिति के अध्यक्ष अशोक गर्ग ने बताया कि श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव 29 अक्तूबर से दो नवंबर तक मनाया जाएगा। 30 अक्तूबर को शोभायात्रा गणपति धाम मंदिर से निकलेगी। इसके बाद नवीन मंडी स्थल, मुनीम काॅलोनी, गोशाला रोड, गुड़ मंडी, भोपा पुल, मालवीय चौक, अंसारी रोड, सराफा बाजार, भगत सिंह रोड, शिवचौक, मालवीय चौक, रेलवे ओवर ब्रिज से होते हुए गांधी काॅलोनी लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद भोपा रोड पुल के बराबर से होते हुए वकील रोड, डाकखाना रोड होते हुए वापस मंदिर पर संपन्न होगी।
समिति के पदाधिकारी भीमसेन कंसल ने बताया कि शोभायात्रा में पांच बैंड और ढोल, दस झांकियां होंगी। श्रद्धालु श्याम बाबा के रथ को हाथों से खींचेगे। इस दौरान अनिल गोयल, जेपी गोयल, कैलाश चन्द ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, अंबरीश सिंघल, बिजेन्द्र कुमार रानो, विकास अग्रवाल, विनोद राठी, प्रतीक कंसल शामिल रहे।