नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में विजयी खिलाड़ियों को सम्मानित करते अतिथि
- फोटो : DEVBAND
निशानेबाजी में यूपी, पंजाब व हरियाणा के शूटरों ने जीता सोना
देवबंद (सहारनपुर)। बलदेव सिंह शूटिंग रेंज में नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का बुधवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। जिसमें पंजाब, हरियाणा और मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
वृंदावन सिटी स्थित बलदेव सिंह शूटिंग रेंज में पिछले कई दिनों से चल रही नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में पहुंचे कई राज्यों के निशानेबाज अपना प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को 32 निशानेबाजों के बीच हुए फाइनल मुकाबले के सीनियर वर्ग में बटाला (पंजाब) के जसप्रीत सिंह, झज्जर (हरियाणा) की शिवानी मलिक और मुजफ्फरनगर की नेहा तोमर ने स्वर्ण पदक झटके। जबकि जूनियर वर्ग में देवबंद के निशांत मलिक, हल्द्वानी के आशीष जोशी और वाराणसी के नागेंद्र राय ने अचूक निशाने साधते हुए स्वर्ण पदक जीते। यूथ कैटेगरी (15 वर्ष से कम) में मुजफ्फरनगर के शेखर त्यागी, देवबंद की शिवि त्यागी और वंश त्यागी ने स्वर्ण पदक जीता। बेस्ट कोचिंग का एवार्ड आईटी सेंटर हैदराबाद और आईटी सेंटर नागपुर के शूटरों को दिया गया। मुजफ्फरनगर के रवि त्यागी व मनीष बालियान और देवबंद के आकाश तोमर और बिट्टू खान को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि को-आपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौधरी राजपाल सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। चेयरमैन पद्म मलिक ने बताया कि देवबंद में पहली बार राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता आयोजित हुई है।