प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्ड विजेता सतेंद्र तोमर का सम्मान करते एकेडमी के जिम्मेद?
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। क्रीड़ा भारती के बैनर तले तोमर शूटिंग स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम तोमर शूटिंग चैंपियनशिप में हरियाणा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शूटरों ने सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता का उद्घाटन अर्जुन अवार्ड विजेता व यूपी स्टेट रायफल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सतेंद्र तोमर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ ही खेल पर भी ध्यान देना चाहिए। क्योंकि अब खेल में असीमित संभावनाएं हैं। इसलिए युवाओं को अपना लक्ष्य तय कर पूरे मनोयोग से उसको प्राप्त करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। प्रतियोगिता के आरंभ में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के चित्र पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम संयोजक आकाश तोमर ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन हरियाणा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शूटर्स ने अपने लक्ष्यों पर निशाने लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनीष चौधरी व संचालन मुकेश चौधरी ने किया। नेशनल शूटर विपिन दांगी, मोनू शर्मा, अभिषेक पुंडीर, नितिन चौधरी, काजल काकरान, ईशान गौड़, बिट्टू खान, सनव्वर, विवेक, आत्रेय शर्मा, अभिषेक पुंडीर आदि मौजूद रहे।