एसएसपी बबलू कुमार ने अपराध समीक्षा बैठक में थानाध्यक्षों की जमकर क्लास ली। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नकारा थानेदार अब चार्ज पर नहीं रहेंगे, ऐसे थानेदारों को लाइन में भेजा जाएगा। आगामी बैठक में यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं मिला तो बैठक से ही थानेदार को लाइन भेज दिया जाएगा।
एसएसपी ने बृहस्पतिवार देर रात पुलिस लाइंस सभागार में थानाध्यक्षों की पहली बैठक लेकर अपराध समीक्षा की। थानेवार समीक्षा के दौरान उन्होंने थानाध्यक्षों की जमकर क्लास ली। नईमंडी, रामराज, सिविल लाइन, मंसूरपुर, खतौली थानाध्यक्षों को अपना रवैया और कार्यप्रणाली सुधारने की चेतावनी दी गई।
एसएसपी ने अपराधियों को जेल भेजने, लंबित वादों का जल्द निस्तारण करने, चेकिंग अभियान सख्ती से चलाने, हेलमेट लगाने पर जोर दिया। करीब पांच घंटे चली बैठक में थानेदारों के पसीने छूट गए। इससे पहले एसएसपी ने सिपाहियों का सम्मेलन किया, जिसमें कांस्टेबलों की समस्याएं भी जानी गई, साथ ही उन्हें अपनी बीट बुक अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
कर्मचारियों की ब्यौरा मांगा
एसएसपी बबलू कुमार ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को अपने यहां के स्टॉफ का पूरा ब्यौरा जल्द उनके ऑफिस भिजवाने के निर्देश दिए। गैरहाजिर चल रहे कर्मचारियों की अलग से सूची भेजने को कहा गया है।
वाहन चोरी पर थानेदार करेंगे मौका मुआयना
अब वाहन चोरी की घटना होने पर थानाध्यक्ष स्वयं मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लेंगे। एसएसपी ने इस संबंध में सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित कर दिया है। आदेश दिए हैं कि किसी भी प्रकार का वाहन चोरी होने पर सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष स्वयं मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे तथा यह जानने का प्रयास करेंगे कि किस प्रकार से वाहन चोरी हुआ है।