- पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स व हाईकोर्ट की स्थापना की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शिव सेना कार्यकर्ताओं ने पृथक पश्चिम उत्तर प्रदेश निर्माण व पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स तथा हाईकोर्ट की स्थापना की मांग की मांग की। डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम राहुल भट्ट को ज्ञापन सौंपा।
शिव सेना कार्यकर्ता दोपहर में प्रकाश चौक स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए कोर्ट रोड, शिव चौक, हनुमान चौक व सदर बाजार होकर डीएम कार्यालय पर पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर सभा की गई।
मंडल प्रमुख शरद कपूर ने कहा कि पृथक पश्चिम उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण व पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स व हाईकोर्ट स्थापना पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता की मूलभूत आवश्यकता है। शिव सैनिक इस मुद्दे पर शांत नहीं रहने वाले है।
शिव सेना की भवानी सेना जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी, सुमन प्रजापति ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रमोद अग्रवाल, देवेंद्र चौहान, अनुज चौधरी, विकास पुंडीर, मंगतराम सोनकर, उज्ज्वल पंडित सहित काफी कार्यकर्ता मौजूद रहे।