डिप्टी सीएम से सड़क निर्माण को मिली हरी झंडी
खतौली। तीन दशक से जर्जर पड़े शेखपुरा-जसौला मार्ग के निर्माण को विधायक के प्रयास से डिप्टी सीएम ने हरी झंडी दे दी। इस मार्ग का कायाकल्प करते हुए सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
शेखपुरा-जसौला मार्ग की हालत बहुत खराब है। इस मार्ग के निर्माण के लिए ग्रामीण ने कई बार प्रदर्शन किए, धरना दिया। इस मार्ग पर एक दर्जन गांव सहित रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार है। इस मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चों सहित हजारों ग्रामीण आवागमन होता हैं। हल्की बूंदा बांदी से ही मार्ग में जलभराव के साथ कीचड़ बन जाता है। जिस कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के आग्रह पर विधायक विक्रम सैनी ने सड़क के निर्माण का आश्वासन दिया था, जिसको लेकर विधायक ने विधानसभा में इसकी आवाज उठाई थी। सड़क गन्ना विभाग की थी, लेकिन गन्ना विभाग के पास बजट ही नहीं है। जिसे चलते यह सड़क पीडब्लूडी को हस्तांतरित कराई गई। पीडब्लूडी से प्रस्तावबनवाकर शासन को प्रेषित कराया।
विधायक विक्रम सैनी ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर वह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मिले और उन्होंने अपने लेटर हेड पर उनकी अनुमति दर्ज करा ली। पीडब्लूडी के जेई उदयराज ने बताया कि उन्होंने इस सड़क के एक हजार मीटर का निर्माण कार्य के बजट के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है, जिसमें रेलवे ओवरब्रिज से लेकर मिल गेट तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा, जबकि एक किलोमीटर से अधिक का निर्माण होगा उस पर काली सड़क बनाई जाएगी। मार्ग के निर्माण को हरी झंडी मिलने से ग्रामीणों में हर्ष है।