शामली के युवक की मुजफ्फरनगर में हत्या
मुजफ्फरनगर। शामली जनपद के गांव सिंभालका निवासी युवक अमित (26) की शहर के मोहल्ला शांतिनगर में हत्या कर दी गई। युवक की लाश उसी के दोस्त के बंद मकान में मिली है, जिसके साथ रहकर वह फाइनेंस का काम करता था। युवक का दोस्त भी लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अमित शामली के गांव सिंभालका निवासी राजकुमार का पुत्र था और काफी समय से नई मंडी कोतवाली के मोहल्ला शांतिनगर निवासी दोस्त अनुज चौधरी उर्फ अनु के साथ उसके नए मकान में रहता था। दोनों साझेदारी में फाइनेंस का काम करते थे। सोमवार शाम से दोनों दोस्तों के मोबाइल स्विच ऑफ थे, जिसे लेकर परिजन व मित्र परेशान थे। मंगलवार दोपहर गांधी कॉलोनी निवासी राहुल दोनों की तलाश करते हुए अनुज के मकान पर पहुंचा, जहां ताला लगा था और उनकी आल्टो कार बाहर खड़ी थी। राहुल ने आसपास के लोगों को बुलाकर मकान का ताला तोड़ा तो अंदर स्टोर रूम में अमित की लाश पड़ी मिली। उसके सिर पर चोट के निशान थे और नाक से खून बहकर सूख चुका था। सूचना पर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गए।