उत्तर प्रदेश के शामली में भाजपा के जिला मंत्री विवेक प्रेमी को पाकिस्तान और कश्मीर से फोन कॉल, व्हाट्सएप और फेसबुक पर मैसेज भेजकर कई दिनों से तरह-तरह की धमकी दी जा रही है। भाजपा नेता ने इस मामले की शिकायत करते हुए शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर के मोहल्ला रामशाला निवासी भाजपा के जिला मंत्री विवेक प्रेमी ने बताया कि कई दिन से उसके व्हाट्सएप, फेसबुक आईडी व फोन कॉल के माध्य से लगातार धमकी भरे मैसेज व फोन कॉल की जा रही है। जिन नंबरों से धमकी दी जाती है, वे नंबर पाकिस्तान व कश्मीर के कोड वाले हैं।
विवेक प्रेमी का कहना है कि पहले तो उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन सोमवार को भी व्हाट्सएप कॉल आई, जिस नंबर से धमकी दी गई, वह नंबर पाकिस्तान के कोड का था। कॉल रिसीव करते ही उसने नाम लेकर कहा कि उसे फोन करने वाले को जल्द ही खामियाजा भुगतने की धमकी दी।
इसके बाद भी उसे कई नंबर से इसी तरह की धमकी दी गई। फेसबुक पर भी धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं। भाजपा नेता का कहना है कि उसके पास इस तरह से धमकी भरी कॉल व मैसेज आने से वह परेशान हैं।
उसने बताया कि रात में ही फोन पर पुलिस अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराया था। मंगलवार को इस मामले की शहर कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। भाजपा नेता ने पुलिस से इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में एसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि यह मामला उनकी जानकारी में आया है। इस मामले की साइबर सेल व सर्विलांस के माध्यम से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।