शहीद दिवस पर शहीद स्मारक जाकर दी श्रद्धांजलि
देवबंद। ब्रिटिश हुकूमत की जड़े हिला देने वाले देश के महान क्रांतिकारियों का शहीद दिवस मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर देवीकुंड रोड स्थित शहीद स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें भाजपा नेताओं ने क्रांतिकारियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में विधायक बृजेश सिंह ने शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ चुनौती पेश करते हुए शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने न केवल ब्रिटिश सरकार के खिलाफ विद्रोह किया बल्कि एक वैचारिक स्वतंत्रता क्रांति का उदय किया। उन्होंने युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने को प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि ऐसी महान आत्माओं जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने में अपने प्राणों का बलिदान दे दिया, उनके लिए इस देश का प्रत्येक व्यक्ति उन्हें नमन करता है। इस मौके पर नगराध्यक्ष विपिन गर्ग, अरुण गुप्ता, राम मोहन सैनी, अभिषेक त्यागी, रविंद्र चौधरी, विकास त्यागी, राजेश अनेजा, विनय कुच्छल, राहुल वाल्मीकि, बलदीप सिंह व प्रेमचंद कश्यप आदि रहे।
मेला गेट के अधूरे निर्माण पर विधायक ने नाराजगी जताई
देवबंद। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद विधायक ने मेला गेट के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए नगरपालिका के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। साथ ही चैत्र नवरात्र से पूर्व मेला का निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का नक्शा देखने के बाद इस्टीमेट भी चेक किया। बता दें कि नगरपालिका मेला गेट पर करीब 90 लाख रुपये खर्च होने की दावा कर रही है। वहीं, पालिका के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मेला गेट के निर्माण में तेजी लाते हुए इसे नवरात्र से पहले पूर्ण करा दिया जाएगा।