-बैठक में रवा राजपूत समाज के प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं ने भाग लिया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। आर्यावर्त रवा राजपूत एकता समिति की कार्यकारिणी की बैठक में समाज के विकास, एकता और चेतना के लिए सात प्रस्ताव पारित किए गए। सभी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर समाज के लोगों को जागरुक करने के लिए बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
जानसठ मार्ग पर एक फार्म हाउस में हुई बैठक में रवा राजपूत समाज के प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं ने भाग लिया। सात बिंदुओं पर गहनता से विचार-विमर्श किया गया। पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और विवाह विच्छेद की समस्याओं के समाधान के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास करने पर बल दिया गया।
मृत्यु के बाद ब्रह्मभोज को सादगी से करने की बात कही गई, जिससे आर्थिक बोझ कम हो। साथ ही दिखावे की प्रवृत्ति पर रोक लग सके। बच्चों की शादी 25 वर्ष में करने के लिए समाज को जागरूक करने पर चर्चा हुई। जातिगत जनगणना में रवा राजपूत जाति को स्पष्ट रूप से दर्ज कराने को सामाजिक स्तर पर प्रयास करने का निर्णय लिया गया।
नशाखोरी और सामाजिक बुराइयों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए इसकी रोकथाम के लिए युवाओं में जागरुकता अभियान चालने की योजना बनाई गई। स्वतंत्रता संग्राम में समाज के योगदान को स्मरण करते हुए उनके सम्मान में स्मारक निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में समिति अध्यक्ष गुलजारी लाल, महासचिव अभिषेक, डॉ़ रणधीर सिंह, नेपाल सिंह, हरवीर सिंह, प्रवीण कुमार पिंकी, नारायण सिंह, कुलदीप, मुकेश कुमार, अजय कुमार चौहान, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।