कोरोना से सात की मौत, 514 मिले संक्रमित
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना महामारी कोहराम मचा रही है। संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती सात मरीजों की सोमवार को मृत्यु हो गई, जबकि 514 नए संक्रमित मिले हैं। बेगराजपुर के कोविड अस्पताल के डॉक्टर भी पॉजिटिव आए हैं। सरकारी रिकॉर्ड में मृतकों की संख्या 161 है, जबकि आंकड़ा इससे बहुत अधिक है।
सीएमओ डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती सात मरीजों की मृत्यु हुई है। शहर के 50 साल के व्यक्ति को 18 अप्रैल को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई। अलमासपुर निवासी 60 साल की वृद्धा, पुरबालियान निवासी 41 साल के ग्रामीण, बुढ़ाना निवासी 41 साल के व्यक्ति, सरवट गेट निवासी 84 साल के वृद्ध, शहर निवासी 43 साल के व्यक्ति और घासीपुरा निवासी ग्रामीण की भी उपचार के दौरान मृत्यु हुई है। सीएमओ ने बताया कि सोमवार को सैंपल और एंटीजन जांच में 514 संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें 349 पुरुष और 165 महिलाएं हैं। इन मरीजों में दस साल तक की उम्र के 19 बच्चे भी शामिल हैं। 255 मरीज ठीक होने पर उन्हें छुट्टी दी गई है। इसके बावजूद शहर से लेकर देहात तक संक्रमण बढ़ रहा है। मरीजों की संख्या बढ़कर 4963 हो गई है। अभी तक जनपद में 16218 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं।