मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी और उससे बचाव के संबंध में सोमवार को प्रबुद्ध जनमंच द्वारा वर्चुअल सभा का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एमएल गर्ग, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अनुभव सिंघल ने लोगों के सवालों के जवाब दिए। दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि यह वायरस छह फीट से दूर नहीं जा सकता, जिसके चलते सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने से इस महामारी से बचा जा सकता है। अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और विटामिन-सी से भरपूज चीजों का सेवन करें। इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थ खाएं और नियमित व्यायाम व प्राणायाम करें। मरीजों की घर पर ही देखभाल करें और हालत बिगड़ने के लक्षण दिखने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर उनके निर्देशों का पालन करें।
कार्यक्रम अध्यक्ष राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि यह समय लोगों में जागरूकता बढ़ाने का है और भ्रांतियां दूर करने के लिए किए गए वर्चुअल सभा आयोजन का यह प्रयास सराहनीय है। जनमंच के अध्यक्ष निशांक जैन के साथ ही अन्य सदस्यों रीना अग्रवाल, विनय सिंघल, सुनील अग्रवाल, प्रगति कुमार, सीए कौशल कृष्ण, रोहित जैन, अनुज गोयल, उमेश गोयल एडवोकेट, सुनील गर्ग एडवोकेट और नीरज गुप्ता का सहयोग रहा। संस्था के संरक्षक उद्योगपति सतीश गोयल और कुंजबिहारी अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।