मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल एसडी डिग्री कॉलेज मुजफ्फरनगर, श्रीराम कॉलेज और एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद की टीमों ने जीत कर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। रविवार को सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का शुभारंभ डॉ. अजयपाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। एसडी डिग्री कॉलेज के मैदान में पहला क्वार्टर फाइनल मैच एसडी डिग्री कॉलेज मुजफ्फरनगर और डीएन कॉलेज मेरठ के बीच खेला गया। टॉस जीतकर डीएन की टीम ने 40 ओवर में 172 रन बनाए, जिसके जवाब में एसडी डिग्री की टीम ने 36 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत हासिल की। साथ ही सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मैच का सीधा प्रसारण एसडी रेडियो एफएम पर भी किया गया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच श्रीराम कॉलेज के मैदान पर श्रीराम कॉलेज और एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के बीच हुआ। श्रीराम कॉलेज की टीम ने पहले खेलते हुए 123 रन बनाए, जिसके जवाब में एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट की टीम मात्र 88 रनों पर ही ढेर हो गई। तीसरा मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम में एमएचएच कॉलेज गाजियाबाद और जेवी कॉलेज बड़ौत के बीच हुआ।
गाजियाबाद की टीम ने पहले खेलते हुए 274 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में बड़ौत की टीम मात्र 114 रन पर ही सिमट गई। एसडी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी अग्रवाल ने सभी का आभार जताया। कॉलेज के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. एसएन सिंह ने बताया कि रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। पहला सेमीफाइनल मेरठ कॉलेज मेरठ और श्रीराम कॉलेज तथा दूसरा सेमीफाइनल एसडी डिग्री कॉलेज और एमएचएच कॉलेज गाजियाबाद के बीच खेला जाएगा।