मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत के चौथे और अंतिम चरण का चुनाव संगीनों के साये में होगा। शाहपुर और बुढ़ाना ब्लाक के दंगा प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन ने शांतिपूर्वक चुनाव के लिए अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की है।
दोनों ब्लाकों में जिला पंचायत के नौ और बीडीसी के 230 सदस्य चुने जाने हैं। तीन लाख 31 हजार 589 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे।
बुढ़ाना और शाहपुर ब्लाक में होने वाले चुनावों के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हो गईं। अंतिम चरण का चुनाव जिला प्रशासन के लिए चुनौती बना है।
दंगा प्रभावित रहे तीन थाने इसी क्षेत्र में आते हैं। दंगे में शाहपुर, भौराकलां और बुढ़ाना ही सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। इस चुनाव में कई गांवों में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति भी है। दंगे के दौरान राजनीति में उभरकर सामने आए कई चेहरे भी चुनाव लड़ रहे हैं।
दोनों समुुदायों के ऐसे चेहरे मुख्य मुकाबलों भी दिखाई दे रहे हैं। जिला प्रशासन की समस्या इससे और अधिक बढ़ गई है। इसी को देखते हुए आमने-सामने की मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील गांवों में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहता है। जिला पंचायत के कुल नौ वार्डों के लिए चुनाव में सबसे ज्यादा जोर आजमाइश है।
शाहपुर ब्लाक में बीडीसी के 90 और बुढ़ाना ब्लाक में 140 सदस्यों के लिए चुनाव हैं। इस चुनाव में कुल 100 गांवों में चुनाव होगा। इन गांवों के तीन लाख 31 हजार 589 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पोलिंग पार्टियां रवाना
शाहपुर। चौथे चरण में मतदान के लिए कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कालेज से एडीएम प्रशासन मनोज कुमार ने पोलिंग पार्टियां मतदान स्थलों पर रवाना कर दीं।
गुरुवार सुबह नियत समय पर मतदान कराने के निर्देश दिए। चौथे चरण में होने वाले शाहपुर ब्लॉक अंतर्गत गांवों में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों के लिए गुरुवार को मतदान होगा।
बुधवार को कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से सभी मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को मतदान पेटी व बैलेट पेपर देकर रवाना किया।
पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों पर पहुंच गई हैं। एडीएम प्रशासन मनोज कुमार ने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम कर पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दी गई है।
तहसीलदार बुढ़ाना हर्ष चावला, चुनाव अधिकारी पीबी पांडे, खंड विकास अधिकारी डॉ साजिद अली मौजूद रहे।