सपा संरक्षक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर कार्रवाई की मांग
देवबंद। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री सिकंदर अली ने शुक्रवार को एसएसपी को पत्र भेजकर सपा संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सिकंदर अली ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद रामपुर मनिहारान के सपा कार्यकर्ता आस मोहम्मद पंवार ने फेसबुक पर उनके स्वास्थ्य लाभ के संबंध में पोस्ट डाली थी। इस पोस्ट पर बृहस्पतिवार को अजय प्रताप नामक युवक द्वारा अभद्र टिप्पणी की गई। जिससे सपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। सिकंदर अली ने एसएसपी से मामले का संज्ञान लेते हुए सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई है।