कुटेसरा के तौल क्लर्क की हत्या में पकड़े आरोपी से पूछताछ करते एसएसआई
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
तौल लिपिक के दूसरे हत्यारोपी को जेल भेजा
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कुटेसरा गांव में देवबंद शुगर मिल के तौल क्लर्क की हत्या में नामजद दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी को हत्या समेत लाइसेंसी शस्त्र के दुरुपयोग के दो मामलों में कार्रवाई की गई है।
गत सप्ताह कुटेसरा गांव के धांगडपट्टी निवासी तौल क्लर्क आबाद की गोलियों से भूनकर हत्या कर कर दी थी। मृतक के पिता कय्यूम ने मृतक के कुटुंबी भतीजों सहित छह पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। परिवार की डोलबंदी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। इसके अलावा आरोपियों की तौल क्लर्क के साथ गन्ना पर्चिंयों के सात हजार रुपये का विवाद भी सामने आया था। आरोप है कि इन्हीं रंजिश में मुख्य आरोपी सोनू उर्फ मासूम पुत्र मेहरबान को उसके भाई मुर्तजा ने लाइसेंसी बंदूक देकर हत्या के लिए उकसाया था। उसी बंदूक से हत्या को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दो दिन पहले सोनू को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद करते हुए जेल भेजा था। एसएसआई प्रमोद गिरि ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान बधाई कलां गांव से हत्या में वांछित आरोपी मुर्तजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हत्या और शस्त्र लाइसेंस दुरुपयोग के दोनों मुकदमों में जेल भेजा गया। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक के निरस्तीकरण के लिए डीएम को आख्या भेज दी है।