अपने चहेते अभिनेता सलमान खान को देखने के बाद हर कोई चहक रहा है। दुखी है तो सिर्फ राजपाल कश्यप और उसका परिवार। मुफलिसी में दिन गुजार रहे राजपाल को न फिल्म में दिखने का शौक है और न ही सल्लू से मिलने की खुशी।
उसे चिंता है तो बस परिवार का पेट पालने की। सलमान और उनके सहयोगियों ने उससे गन्ने का जूस तो पी लिया, लेकिन पैसे नहीं दिए। सलमान के लिए यह रकम भले ही कुछ न हो, लेकिन राजपाल के लिए 200 गिलास के दो हजार रुपये महीने भर का चूल्हा चलाने का खर्च है।
फिल्म सुल्तान की शूटिंग में सलमान खान ने स्कूटर पर बच्चों को बैठाकर एक सीन फिल्माया था। इस दौरान रास्ते में मिले गन्ने के ठेले पर बच्चों को जूस पिलवाया गया। फिल्म में गन्ने का जूस पिलाने वाले राजपाल कश्यप को यूनिट ने पैसे नहीं दिए।
सलमान और यूनिट के लोगों ने 200 गिलास रस पिया। दस रुपये प्रति गिलास के हिसाब से 2000 हजार रुपये बैठते हैं। राजपाल अपना ठेला लेकर सलमान को तलाशता हुआ फार्म हाउस पर पहुंचा था, लेकिन वहां उसकी किसी ने नहीं सुनी। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर भगा दिया।
शनिवार को अमर उजाला ने राजपाल के घर पहुंचकर उसकी बात सुनी। राजपाल ने बताया कि इक वाकये के बाद रात में उसके घर खाना नहीं बना। राजपाल की माली हालत बेहद खराब है। मूल रूप से रणखंडी निवासी राजपाल पत्नी मिथलेश और तीन बच्चों के साथ दस साल पहले शुक्रताल आया था। यहां भगीरथी धर्मशाला में आसरा मिला।
जैसे-तैसे कर गन्ने का रस बेचने का एक ठेला कोल्हू लगा लिया। इसी से उसके परिवार का पेट पलता है। उसे न फिल्म में दिखने का शौक है और न ही बड़े अभिनेता से मिलने की खुशी। उसे सिर्फ अपने पैसों से मतलब है। कहता है कि वह 400 रुपये कुंतल गन्ना खरीदता है। दिनभर बच्चे उसे छीलकर साफ करते हैं।
फिल्म की यूनिट के लोगों ने उससे सपंर्क किया था, उसे शूटिंग स्थल पर ले गए। पूरी यूनिट के लोगों ने करीब 200 गिलास जूस पिया। बाद में उसे बिहारगढ़ रोड पर सीन फिल्माने भी ले गए, वहां सलमान और तीन बच्चों को जूस पिलाया गया। पैसे नहीं मिलने से व्यथित राजपाल सलमान को भी कोस रहा है और उनकी यूनिट को भी।
चेहरे पर गुस्सा है, कहता है कि सलमान कितने ही रईस हों, इससे मुझे क्या मतलब। मेरे गन्ने के जूस के पैसे क्यों नहीं दिए। शनिवार को सलमान के एक फैन दानिश ने राजपाल के घर पहुंचकर अपनी ओर से उसे 2000 रुपये दिए, लेकिन राजपाल ने लेने से मना कर दिया।