तिगरी में एसडीएम ने रुकवाया अवैध निर्माण
मुजफ्फरनगर। तहसीलदार सदर की जांच रिपोर्ट में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा करते हुए उस पर निर्माण किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। जानकारी मिलने पर एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को रुकवा दिया।
थाना क्षेत्र के गांव तिगरी में सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। मंडलायुक्त के आदेश पर करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन तहसीलदार सदर ने इसकी जांच की, जिसमें सरकारी भूमि पर कब्जा कर मकान व दुकान निर्माण कराए जाने की पुष्टि हुई। इस पर तत्कालीन एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुजा मलिक ने संबंधित कब्जाधारकों से भूमि को मुक्त कराकर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन तहसील प्रशासन द्वारा इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब अवैध कब्जा धारकों द्वारा इस भूमि पर फिर से निर्माण कराना शुरू कर दिया था, जिसे लेकर रविवार को ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा का निर्माण कराने की सूचना पर एसडीएम दीपक कुमार ने पुलिस को अवैध निर्माण रुकवाने के निर्देश दिए, जिस पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को रुकवाते हुए निर्माण कर रहे कई लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में ग्रामीणों ने डीएम सेल्वा कुमारी जे के आवास पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराने की मांग करते हुए उन्हें ज्ञापन भी दिया। ग्रामीणों ने एक राजस्व कर्मचारी की मिलीभगत से अवैध कब्जा कर निर्माण कराए जाने का भी आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बताया कि गांव तिगरी में खसरा संख्या 106 ग्राम सभा में सरकारी बंजर भूमि में दर्ज है। इस पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा था, जिसे रुकवा दिया गया है। किसी भी सूरत में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।