सहारनपुर। तेज धूप और उमस का प्रकोप फिर महसूस किया जा रहा है। सोमवार दोपहर पंखे भी गर्मी से कोई खास राहत नहीं दिला सके। अधिकतम तापमान भी 33 डिग्री सेल्सियस रहा।
जनपद में बीते दो दिन से मौसम पूरी तरह साफ है। सुबह धूप निकलते ही लोगों को गर्मी सता रही है। सोमवार की दोपहर घरों से निकले लोगों को चिलचिलाती धूप ने परेशान किया। रविवार की तुलना में बेशक न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट रही हो, लेकिन गर्मी का असर वही बरकरार रहा। न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन उमस के कारण लोगों को पंखों में बैठने के बावजूद हल्का पसीना आता रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को हल्के बादल छाने का अनुमान जताया है। मिर्जापुर स्थित मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि दो से तीन दिन हल्के बादल रह सकते हैं। 26 सितंबर के बाद हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।