भोपा थाने में सीज की गई पब्लिक स्कूल की गाड़ी।
- फोटो : KHATAULI
मोरना (मुजफ्फरनगर)। शुकतीर्थ व आसपास क्षेत्र के गांवों से छात्र-छात्राओं को स्कूल ले जा रही जेपीएस स्कूल की स्कूल वैन अचानक स्टेयरिंग फेल होने से सड़क किनारे कूड़े के ढेर से जा टकराई। स्कूल वैन के पीछे आ रही डायल-100 की गाड़ी ने सभी बच्चों को वैन से निकालकर स्कूल पहुंचाया। मामले में स्कूल प्रबंधक समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वैन चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, स्कूल की तीन वैन सीज कर चार वाहनों का चालान भी किया गया है।
मोरना स्थित जेपीएस पब्लिक स्कूल की वैन का चालक शुभम निवासी मोहल्ला लक्कूपुरा कस्बा भोकरहेड़ी शनिवार सुबह क्षेत्र के गांव शुकतीर्थ, इलाहाबास व फिरोजपुर के बच्चों को स्कूल ला रहा था। शुकतीर्थ-मोरना मार्ग पर अचानक स्कूल वैन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे बेकाबू हुई वैन सड़क किनारे कूड़े के ढेर से जा टकराई। हादसा होते ही स्कूल वैन में मौजूद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। वैन के पीछे आ रही डायल-100 के पुलिस कर्मियों ने तत्काल वैन में सवार सभी बच्चों को बाहर निकाला और अपनी गाड़ी से स्कूल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्कूल वैन को कब्जे में लेते हुए चालक शुभम को भी हिरासत में ले लिया। मामले की जानकारी मिलने पर डीएम कुमारी सेल्वा जे ने एआरटीओ प्रवर्तन विनीत मिश्रा व एसएसपी अभिषेक यादव ने भोपा थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। इस पर टीम ने जेपीएस पहुंचकर वहां मौजूद स्कूल की दो ओर वैन अनियमितताएं मिलने पर सीज कर दीं, वहीं चार अन्य वाहनों का चालान किया गया। मामले में शुकतीर्थ चौकी प्रभारी एसआई सुनील अत्री ने स्कूल प्रबंधक कृष्णकांत शर्मा निवासी नई मंडी के साथ ही राजन शर्मा व चालक शुभम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एआरटीओ प्रवर्तन विनीत मिश्रा ने बताया कि स्कूल की तीन वैन सीज की तथा चार वाहनों का चालान किया गया है। स्कूल वाहन नियमावली के तहत जिले के कुल 352 विद्यालयों में से अब तक केवल 51 स्कूलों ने नियमों का पालन किया है। यदि इस हफ्ते स्कूल प्रबंधकों ने नियमों का पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जेपीएस प्रबंधक कृष्णकांत शर्मा का कहना है कि घटना किसी के साथ भी घट सकती है। गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे को खरोंच तक नहीं आई। उक्त गाड़ी को कुछ समय पूर्व ही स्कूल में लगाया गया था। कानून का सम्मान करते है, शासन प्रशासन के आदेश का पालन किया जाएगा।