रतनपुरी। क्षेत्र में स्थित स्कूल की वैन आगे चल रहे शीरे के टैंकर के अचानक ब्रेक मारने से टैंकर में पीछे से टकरा गई। वैन चालक सहित दो बच्चों को मामूली चोट आई। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
क्षेत्र के गांव कितास निवासी अतुल रतनपुरी में रार्धना मार्ग पर स्थित जीएसएम पब्लिक स्कूल में टाटा मैजिक से बच्चों को लाने ले जाने का काम करता है। बृहस्पतिवार को चालक अतुल अपनी बेटी तारा और समौली निवासी करण, गुंजन, पूर्वी आदि सहित आठ बच्चों को लेकर स्कूल आ रहा था।
कैलाशनगर के पास टाटा मैजिक के आगे चल रहे शीरे के टैंकर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिस कारण जिससे टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टैंकर में पीछे से टकरा गई।
वैन चालक अतुल हाथ में कांच लगने से घायल हो गया। जबकि टाटा मैजिक सवार दो बच्चों तारा व करण को मामूली चोट आई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना पर अभिभावक व स्कूल के अन्य शिक्षकगण भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों को सुरक्षित पाकर सभी ने राहत की सांस ली।