-गांव जसौला में बहाने से बुलाकर की गई हत्या, महिला समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव जसौला में अनुसूचित जाति के कुत्ता पालक अंकित (21) को रविवार रात बहाने से बुलाया और घर में बंधक बनाकर पीट-पीटकर मार डाला। एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हत्या का कारण प्रेम प्रसंग मान रही है। इस घटना से गांव में जातीय तनाव पैदा हो गया है।
जसौला निवासी अंकित कुत्ते पालने और बेचने का काम करता था। रविवार की रात आठ बजे अंकित को एक किशोर कुत्ता देखने के नाम पर बुलाकर ले गया। वापस नहीं आने पर परिजनों को पता चला कि गांव में ही सोनू सैनी के घर गया था। परिजनों के पहुंचने पर सोनू ने दरवाजा नहीं खोला। भीड़ भी एकत्र हो गई। सूचना पर डायल-112 पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा खुलवाया, जहां अंकित बंधा पड़ा था। बुरी तरह पीटे जाने से उसके शरीर पर चोट के निशान थे। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ डा. रवि शंकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। पिता की तहरीर पर महिला मीनाक्षी सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। कई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।