शाहपुर के गांव सोरम में बैठक को संबोधित करते सर्वखाप मंत्री।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। लोकतंत्र बचाओ रैली में खाप चौधरियों को सम्मान नहीं मिलने के मामले को लेकर अब सर्वखाप ने विवाद खत्म करने की पहल की है। गांव सोरम में हुई बैठक में सर्वखाप ने रैली में खाप चौधराहट के राजनीति का शिकार होने की बात कहते हुए जल्द इस पर फैसला लेने की बात कही। समाज के युवाओं से इस मुद्दे को छोड़ कॅरियर पर ध्यान देने के लिए कहा गया।
सोमवार को गांव सोरम में सर्वखाप की बैठक का आयोजन किया गया। सर्वखाप के मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने कहा कि रैली में खाप चौधरी राजनीति के शिकार हुए हैं और इस संबंध में जल्द ही एक और बैठक कर कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा। वहीं, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बहस के मद्देनजर उन्होंने समाज के युवाओं से इससे दूर रहकर अपने कॅरियर पर ध्यान देने की अपील की। वहीं, सोशल मीडिया पर खाप चौधरियों के ऊपर किसी तरह की टिप्पणी नहीं करने की भी अपील की गई। इसके साथ ही सर्वखाप मंत्री ने समाज के अन्य लोगों से भी खाप चौधरियों के संबंध में किसी राजनीतिक दल के बहकावे में आकर भ्रांति न फैलाने के लिए भी अपील की गई। देशवाल खाप के छोटे चौधरी शरणवीर सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, विपिन बालियान, सहेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, शोभाराम, रामभजन, बबलू बालियान, बीरपाल सिंह, विजयपाल, मनोज चौधरी, योगेश कुमार व रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।