गलियों से होकर पहुंचे थे सराफ के लुटेरे
मुजफ़्फरनगर। शहर के भरतिया कॉलोनी में स्थित ज्वैलरी शॉप पर दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास क्षेत्र के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए लुटेरों की धरपकड़ की कवायद तेज करते हुए आठ टीमें गठित की हैं।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी में बाइक सवार चार लुटेरों ने बुधवार को दिनदहाड़े मनमोहन जैन ज्वैलरी शॉप में धावा बोलकर लूटपाट को अंजाम दिया था। विरोध करने पर लुटेरों ने सराफ अमरीश गोयल को गोली मार दी थी, जिसे मेरठ रेफर किया गया था। एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि घटनास्थल व आसपास क्षेत्र के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई हैं, जिसमें तीन लुटेरों के एक बाइक पर सवार होकर गलियों के रास्ते से घटनास्थल तक पहुंचने की जानकारी मिली है। वहीं, चौथा लुटेरा पहले से ही ज्वलैरी शॉप के पास मौजूद था। घटना को अंजाम देने के बाद चारों लुटेरे एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हुए और इसके लिए भी उन्होंने गलियों का ही रास्ता चुना। एसपी सिटी ने बताया कि लुटेरे या तो स्थानीय हैं या फिर उन्होंने घटना को अंजाम देने के लिए सुनियोजित तरीके से रेकी की है। लुटेरों के संबंध में अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके बूते उनकी गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों की संख्या बढ़ाकर आठ कर दी गई है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।