जमातियों के संपर्क में आए लोगों के लिए गए सैंपल
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला किदवईनगर स्थित फातिमा मस्जिद में कोरोना पॉजिटिव जमाती के सीधे संपर्क में आए दस लोगों को पुलिस-प्रशासन ने चिह्नित किया है। सभी लोगों के सैंपल लेकर उन्हें परिवार समेत होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किदवईनगर स्थित फातिमा मस्जिद से 11 जमाती मिले थे, जिनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से एक जमाती कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसे बेगराजपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि उक्त जमाती के सीधे संपर्क में आए दस लोगों को अब तक चिह्नित किया जा चुका है। इन सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं, एहतियातन सभी दस लोगों को परिवार सहित उनके घरों में ही होम क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं, किदवईनगर के एक किलोमीटर के दायरे में आए लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर स्वास्थ्य की भी जांच की जा रही है।
शेरनगर में भी 15 लोगों के लिए सैंपल
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमित जमाती मिलने के बाद गांव शेरनगर में भी उसके सीधे संपर्क में आने वाले 15 लोगों को चिह्नित किया गया है। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि उक्त सभी 15 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं, सभी लोगों को परिवार समेत उनके घरों में ही होम क्वारंटीन भी कर दिया गया है।
जमातियों के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट आई नेगेटिव
पुरकाजी। कस्बे से आइसोलेशन के लिए गए चार लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने से कस्बेवासियों ने राहत महसूस की है। कस्बे की गनी मस्जिद में रुके झारखंड निवासी 17 जमातियों में से दो जमातियों के कोरोना पॉजिटिव आने पर प्रशासन द्वारा उनके संपर्क के आए चार लोगों को आइसोलेशन के लिए खतौली भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने से कस्बेवासियों ने राहत महसूस की है। बुधवार को रिपोर्ट निगेटिव आने की पुष्टि प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम ने की है।