-बीती छह अप्रैल को छपार में बिजोपुरा के जंगल में हाईवे के निकट पड़ा मिला था शव
फॉलोअप:
मुजफ्फरनगर। छपार में बिजोपुरा के जंगल में हाईवे के निकट मेरठ निवासी सलमान की हत्या प्रेम प्रसंग में महिला, उसके पति और एक अन्य साथी ने की थी। सलमान व अन्य तीनों आरोपी मेरठ से एक साथ आए थे। पुलिस तीनों आरोपियों को तलाश रही है।
6 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे के पास बिजोपुरा के जंगल में एक ट्यूबवेल पर खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस को शव के पास से एक मोबाइल भी मिला, जिसमें सिम नहीं था। मृतक के भाइयों ने थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त कर बताया था कि वह जनपद मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट गांव अहमदनगर निवासी उनका भाई सलमान पुत्र अनवार है। वह पांच अप्रैल की शाम से लापता था।
मृतक के भाई नौशाद ने पड़ोसी कालिया महाराज, उसके भाई इरफान व साथी मोहम्मद अली, नईमुद्दीन व फाजिल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि आरोपियों ने लाॅकडाऊन के समय उनके भाई जैद की हत्या की थी। तब से उनके साथ रंजिश चली आ रही है।
हालांकि पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके बावजूद पुलिस जांच कर रही है। सीओ सदर देवव्रत बाजपेई ने बताया कि मृतक युवक का एक महिला से प्रेम प्रसंग था। महिला, उसका पति व एक अन्य साथी के साथ सलमान घटना वाले दिन उनके साथ बाइक पर आया था। महिला सहित तीनों आरोपियों ने योजना बनाकर उसकी हत्या की और फरार हो गए। सीओ ने बताया कि आरोपियों को तलाशा जा रहा है।