कड़ी धूप में थाने के सामने साधुओं का धरना जारी
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। गांव सरनावली से अपहृत महंत हरि गिरि की बरामदगी को लेकर लगातार चौथे दिन मेरठ-करनाल हाईवे पर फुगाना थाने के सामने साधुओं का कड़ी धूप में धरना जारी रहा।
एक सप्ताह पूर्व अपहृत प्राचीन शिवमंदिर के महंत हरि गिरि की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर गत मंगलवार से साधु-संत व ग्रामीण फुगाना थाने के सामने जाम लगाकर धरने पर बैठे हुए हैं। लगातार चार दिन से लगे जाम के चलते हाईवे के यातायात को वाया लालूखेड़ी-भौराकलां होते हुए शामली मार्ग पर डायवर्ट किया जा चुका है। शुक्रवार को सीओ फुगाना शरदचंद्र शर्मा व एसडीएम अशोक कुमार महंत की जल्द बरामदगी का आश्वासन देकर जाम खोलने या हाईवे पर वन-साइड यातायात चलने की अपील करते रहे, लेकिन साधु तैयार नहीं हुए। मौके पर शांतिनाथ, योगी महेशनाथ, रतन गिरि, दिगंबरनाथ, शिव गिरी, ज्ञानेश्वर गिरी, मोहन गिरी, चौरासी गिरी, पूाण गिरी, जगदीश गिरी व सुभाष गिरि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
चुनावी दंगल में रह गए सात दावेदार
बुढ़ाना। सरनावली गांव में महंत हरि गिरि भी प्रधान पद के दावेदार थे, जिसके लिए उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था, लेकिन नामांकन करने से पहले ही वे लापता हो गए। इसके चलते अब सरनावली में प्रधान पद पर सात प्रत्याशी ही चुनावी दंगल में रह गए हैं। इनमें अफलातून, यशपाल फौजी, रामधारी, नरेश, मोहनवीर, रामदास व यशपाल कश्यप शामिल हैं।