पत्रकारवार्ता करते बसपा सांसद फजलुर्रहमान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नफरत फैलाने में सरकार के लोग शामिल: फजलुर्रहमान
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर से बसपा सांसद फजलुर्रहमान ने कहा कि सीएए के खिलाफ शांतिपूर्वक चल रहे प्रदर्शन में सरकार के लोगों ने नफरत फैलाने का काम किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी से भटकाने का आरोप लगाया। रविवार को बसपा सांसद यहां शहर में आए। वे मृतक नूरा के घर भी पहुंचे और सादात हॉस्टल पहुंचकर मौलाना असद रजा से भी मुलाकात की।
महावीर चौक स्थित बसपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में बसपा सांसद फजलुर्रहमान ने कहा कि अपने छह साल के कार्यकाल में भाजपा की मोदी सरकार आर्थिक एजेंडे पर पूरी तरह फेल हो गई है। जीडीपी घट रही है। बेरोजगारी बढ़ी है, उत्पादन घट रहा है। आम जनता परेशान है। आम जनता ने सवाल करने शुरू कर दिए थे तो ये लोग सीएए लेकर आ गए। सीएए में जान बूझकर धर्म खोले गए हैं, जो भारत के संविधान के विरुद्ध है। पूरे देश में धरने-प्रदर्शन हो रहे हैं। सभी वर्ग के लोग विरोध कर रहे हैं। एक साथ कई विश्वविद्यालयों के छात्रों ने विरोध किया। बेसिक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा सीएए को लाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर में शांतिपूर्वक प्रदर्शन चल रहा था। सरकार के लोगों ने बदअमनी फैलाने का काम किया। सांसद इससे पहले बवाल में मृतक नूरा के घर पहुंचे और उनके परिवार की आर्थिक मदद की। उन्होंने सादात हॉस्टल पहुंचकर मौलाना असद रजा से भी मुलाकात की। पत्रकार वार्ता में अब्दुल मलिक कुरैशी, जिर्याउरहमान, बसपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद गौतम, चांद सिंह कश्यप, राजकुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।