गांव तुलसीपुर में चल रहे तीन दिवसीय बत्तीस मान भंडारे का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव तुलसीपुर में चल रहे नाथ संप्रदाय के बत्तीस मान भंडारे को तीसरे दिन समापन हो गया। मान धारियों का मान निकाला गया। साधु-संतों को मान-सम्मान देकर विदा किया गया।
तीन दिवसीय बत्तीस मान भंडारे में पूरे भारत वर्ष से सैकड़ों की संख्या में साधु-संत पहुंचे। भंडारे के दूसरे दिन सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने मंदिर में गुरु गोरखनाथ की पूजा की थी। तीसरे और अंतिम दिन गोरक्ष टीला गोगमेड़ी के पीठाधीश्वर बालयोगी महंत रूपनाथ महाराज ने बताया बृहस्पतिवार की शाम तुलसीपुर मंदिर के महंत संध्यानाथ को गोरखपुर मठ की ओर से चादर रस्म की गई।
साधु-संतों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मानधारियों का मान निकाला गया। इस प्रकार के भंडारे करने वाले 142 मानधारियों का सम्मान किया गया। इसके बाद भंडारे का समापन किया गया। समापन के बाद सभी साधु-संत रवाना हो गए।
इस दौरान योगी महासभा के महंत नरहरिनाथ महाराज, जोगी ढाणा लोहरू के पीठाधीश्वर महंत केशवनाथ महाराज, सिरसा मंदिर के पीठाधीश्वर महंत सुंदर राईनाथ महाराज, नोहर मंदिर के पीठाधीश्वर महंत पंचमनाथ महाराज, गोरक्ष टीला गोगमेड़ी के पीठाधीश्वर बालयोगी महंत रूपनाथ महाराज आदि उपस्थित रहे।