गड्ढे में गिरकर ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे किसान को बाहर निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। इसके नीचे दबने से चालक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे बमुश्किल बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
गांव कूकड़ा निवासी सुरेंद्र पुत्र कालूराम सोमवार को अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव सादपुर में स्थित खेतों से धान लेने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव नंगला के पास पहुंचा तो, दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में संतुलन खो बैठा। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
चालक सुरेंद्र ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गया। राहगीरों और पुलिस ने चालक को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला और जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।