घर में घुस कर लूटपाट, विरोध पर महिला को चाकू घोंपा
मोरना। गांव मोरना में चार लुटेरों ने घर में घुसकर महिला से लूटपाट की। विरोध करने पर महिला को चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर किया गया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना स्थित बाजार में शुक्रवार शाम चार बदमाश घर में घुस गए। घर में मौजूद ऊषा पत्नी स्वर्गीय सुशील कुमार को चाकू दिखाकर आतंकित करते हुए जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर महिला ऊषा के पेट में चाकू घोंप कर लुटेरों ने नकदी व जेवरात को लूट लिया। जैसे ही महिला का बेटा आशीष घर में घुसा, लुटेरे उसे धक्का देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची भोपा पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। घायल महिला को जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही सीओ राम मोहन शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।