छपार में नेशनल हाईवे पर रोडवेज की टक्कर से टेंपो सड़क पर ही पलट गया। टेंपो में सवार सवारियों में एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना से हाईवे पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम करीब पांच बजे सवारियों से भरा टेंपो शहर से छपार की ओर जा रहा था। भारत मेडिकल के सामने पीछे से आई मेरठ डिपो की रोडवेज बस ने संतुलन बिगड़ जाने पर टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो सड़क पर ही पलट गया। पलटते ही उसमें बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना से मौके पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो को सीधा कराया और घायलों को बाहर निकाला।
इसी बीच एक घायल थाना क्षेत्र के बढेड़ी निवासी ओमपाल (45) पुत्र पलटू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायल छपार निवासी पारुल, वेली, सलमा, आशिक, सुरेशपाल और टेंपो चालक शहर के मल्हूपुरा निवासी मोहम्मद हसन को जिला चिकित्सालय भिजवाया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने हाईवे पर खड़े आड़े-तिरछे वाहनों को मौके से चलता किया। पुलिस ने मृतक ओमपाल के परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।