भोपाल बाईपास पर बस से उतरने के बाद पैदल जाता है यात्री
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। अग्निपथ योजना का विरोध व जुमे की नमाज के मद्देनजर शुक्रवार को नगर में वाहनों को लेकर भी सुरक्षा बरती गई। रोडवेज बसों का शहर में आना प्रतिबंधित किया गया था। जुमे की नमाज के बाद ही इन बसों का शहर में आवागमन शुरू हुआ। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जुमे की नमाज व अग्निपथ योजना के विभिन्न स्थानों पर हो रहे विरोध के दौरान ट्रेन व बसों में आगजनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। सभी रोडवेज बसों का शहर में शुक्रवार को आना बंद करा दिया गया। जिस कारण हरिद्वार-उत्तराखंड से आने वाली बसों ने सभी यात्रियों को भोपा बाईपास, दिल्ली की तरफ से आई बसों ने वहलना बाईपास, बिजनौर की तरफ से आने वाली बसों ने शेरनगर बाईपास पर यात्रियों को उतारा। इन्हीं स्थानों से यात्रियों को लेकर बसें वापसी में रवाना हुई। वैकल्पिक बस अड्डों से ही यात्रियों को ई-रिक्शा व अन्य वाहनों से शहर या अपनी मंजिल के लिए जाना पड़ा। इससे यात्रियों की जेबों पर दोगुना भार पड़ा।
रोडवेज विभाग के स्थानीय वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राज कुमार तोमर ने बताया कि अग्निपथ योजना का विरोध व जुमे की नमाज के दौरान सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया था। दोपहर में नमाज अदा होने के बाद ढाई बजे से बसें शहर में बस अड्डे पर आने लगी थी।
यात्रियों को उतारने के बाद लाइन में खड़ी रोडवेज बसें- फोटो : MUZAFFARNAGAR