मेरठ से शामली, पानीपत, करनाल मार्ग पर वाया बुढ़ाना चलने वाली बसें हाईवे से निकल रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर से चलकर कस्बा बुढ़ाना जाने वाली परिवहन निगम की रोडवेज बसें तो कस्बे में पहुंच रही है, लेकिन मेरठ से शामली, पानीपत, करनाल मार्ग पर वाया बुढ़ाना चलने वाली परिवहन निगम की बसें हाईवे मार्ग से निकल रही है। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। वहीं, क्षेत्र के सराय, लोई, फुगाना आदि क्षेत्रों के लिए भी बसों की नियमित सेवा न होने से लोग परेशान हैं।
मेरठ से शामली व करनाल तथा पानीपत आने जाने वाली परिवहन निगम की बसों के कारण बुढ़ाना क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इस मार्ग पर चलने वाली परिवहन निगम की बस कस्बे के अंदर न आकर हाईवे मार्ग से ही निकल रही है। यदि इन बसों में किसी को यात्रा करनी होती हैं तो उसे कस्बे से तीन किलोमीटर दूर बायवाला व गढ़ी सखावत चौराहे पर पहुंचना होता हैं।
रात में बड़ी परेशानी-
बुढ़ाना व आसपास क्षेत्र से लगभग दो हजार लोग रोजाना मेरठ-शामली या अन्य स्थानों के लिए इन बसों में यात्रा करते हैं। रात में बाहर से आने वाले यात्री को बुढ़ाना आदि स्थान पर जाने के लिए वाहन नहीं मिलता। इस बारे में कई बार अधिकारियों के सामने रखा जा चुका हैं।
बसों को बुढ़ाना कस्बे में जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हो रहा हैं तो जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। -भुवनेश्वर कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम।
रोडवेज की बसों के कस्बे में न आना लोगों की बड़ी परेशानी हैं। अधिकारियों से इस बारे में वार्ता की जाएगी। -उमा त्यागी, चेयरमैन, नगर पंचायत बुढ़ाना।