पीड़ित पक्ष ने ग्राम प्रधान के पति और पुत्र पर आरोप लगाया
संवाद न्यूज़ एजेंसी
ककरौली (मुजफ्फरनगर)। चाऊमीन खाने के विवाद में एक परिवार पर हमला कर दिया गया। इसमें दो महिलाओं सहित पांच घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने ग्राम प्रधान के पति और पुत्र पर आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कैड़ी गांव निवासी संदीप और उसका चचेरा भाई नकुल बेहड़ा सादात किसी कार्य से गए थे। लौटते समय चाऊमीन खाने लगे। तभी वहां प्रधान का पुत्र प्रिंस और उसका साथी भूरा भी आ गए। इसी दौरान चाऊमीन खाने को लेकर उनमें मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों अपने घर चले गए। आरोप है कि संदीप घर के बाहर गली से निकला तो प्रधान के पति धर्मदत्त और उसके पुत्र प्रिंस ने 8-10 लोगों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर संदीप के परिवार वाले भी वहां आ गए। आरोपियों ने संदीप और उसके परिवार की महिलाओं शिया व ब्रह्मकली के साथ मारपीट की। इसमें संदीप, नकुल व दिनेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटना की जानकारी की। पीड़ितों ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सुनील कसाना ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीडि़त की तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।