संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम के मुजफ्फरनगर रोडवेज बस अड्डे का सुंदरीकरण किया जाएगा। परिवहन निगम के सहारनपुर परिक्षेत्र के आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह ने प्रस्ताव बनाकर निगम के मुख्यालय को भेजा है। यात्रियों के लिए आधुनिक वेटिंग रूम व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुजफ्फरनगर में बस अड्डा दो भागों में बनाया गया है। एक में बसों के खड़े होने के लिए व्यवस्था तो दूसरे हिस्से में वर्कशॉप बनाई है। यहां से प्रतिदिन लगभग ढाई सौ बसों का आवागमन होता है। इन बसों के खड़े करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास जमीन खरीद कर वहां सैटेलाइट बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा हुआ है। वहां से अभी बजट पास नहीं हुआ है।
इस दशा में बस अड्डे का सुंदरीकरण करते हुए यहां पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्णय लिया गया है। परिवहन निगम के आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बस अड्डे पांच हजार वर्ग मीटर जमीन में दो भागों में बना है। जिस जमीन पर कार्यालय का भवन बना है वह दो हजार वर्गमीटर में है। इस जमीन का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
यात्रियों के लिए आधुनिक वेटिंग रूम व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए मुख्यालय प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। इस प्रस्ताव के पास होने के बाद किए जाने वाले निर्माण से बस अड्डे के पास आसपास जाम लगने से छुटकारा मिलेगा।