- नगर पालिका की ओर से 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से कराए जाएंगे कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर के विस्तारित क्षेत्र और मलिन बस्तियों में नालों और सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। नगर पालिका की ओर से 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से विभिन्न निर्माण और विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका निर्माण विभाग के अवर अभियंता नेपाल सिंह ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की संस्तुति पर वार्ड तीन सुजड़ू में विभिन्न गलियों में 57 लाख रुपये के बजट में सीसी सड़क और आरसी नाली का निर्माण कराया जाएगा।
सरकुलर रोड पर सुजड़ू चुंगी से चौ. छोटूराम इंटर कॉलेज तक आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 90 लाख से अधिक का बजट तैयार किया गया है। मलिन बस्ती किदवई नगर में मक्की मस्जिद के समीप 46 लाख रुपये के बजट में आरसी नाली और सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
महमूद नगर में कब्रिस्तान तक 87 लाख रुपये के बजट में आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। बताया कि गांव वहलना में सीसी सड़क, आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। जिसके लिए 32 लाख रुपये का बजट तैयार किया गया है।