15.77 करोड़ की लागत से सड़कों का होगा निर्माण कार्य
मुजफ्फरनगर। जिले में 15.77 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य होगा। प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भेंटकर सड़कों के लिए धनराशि मंजूर कराई है।
नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिलदेव ने बताया कि जनपद के लिए 15 करोड़ 77 लाख की सड़कों की स्वीकृति मिली है। इसमें मुख्य मार्ग गुप्ता रिसोर्ट से वहलना चौक तक मार्ग चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, आरसीसी नाला एवं बाक्सर कल्वेर्ट का निर्माण कार्य की स्वीकृत हुई हैं। इस लागत के सापेक्ष तीन करोड़ 94 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई हैं। सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के द्वारा किया जाएगा। इस मार्ग पर अनेक बड़े उद्योग होने के कारण व्यावसायिक वाहनों के आवागमन में भी भारी असुविधा होती है। इसलिए इसका चौड़ीकरण कराए जाने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। कपिलदेव ने बताया कि सड़क निर्माण की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा स्वीकृति दी गई है। निविदा की प्रक्रिया पूर्ण होते ही सड़क के चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ होगा।