खतौली में सपा प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान ने अपने समर्थकों के साथ नगर में रोड शो किया। पुलिस ने सपा प्रत्याशी को सभा नहीं करने दी। जिसको लेकर समर्थकों ने हंगामा कर दिया। हंगामा होने पर सपा प्रत्याशी ने खुद ही सभा करने से इंकार करते हुए सभी का आभार व्यक्त कर समर्थकों को शांत किया।
बृहस्पतिवार को सपा प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान ने नगर में रोड शो निकालने की एसडीएम से अनुमति ली थी। परमीशन बुधवार को आचार संहिता लगने से पहले ली गई थी। गंगनहर से रोड शो जीटी रोड होते हुए सब्जी मंडी के सामने मान्य फार्म में पहुंचना था, जहां पर सभा होनी थी। सुबह दस बजे समर्थक गंगनहर पर पहुंचने शुरू हो गए। रोड में समर्थक गाड़ियों और ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। करीब दस बसों में काफी संख्या में समर्थक रोड शो में शामिल होने के लिए भी आए।
दोपहर करीब 12 बजे सपा प्रत्याशी ने गंगनहर से रोड शो शुरू किया। रोड शो की सूचना पर सीओ हरिराम यादव, तहसीलदार अमित कुमार एवं इंस्पेक्टर केपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने पुलिस बल के साथ रोड शो में शामिल गाड़ियों और ट्रैक्टरों को रोक दिया। इतना ही नहीं गाड़ियों और ट्रैक्टरों पर लगी झंडियों को भी पुलिस ने उतार कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने सपा प्रत्याशी को ही एक ट्रैक्टर पर बैठने की अनुमति दी।
इसके बाद सपा प्रत्याशी ने पैदल समर्थकों के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर रोड शो किया। रोड शो में काफी संख्या में समर्थकों की भीड़ थी। सपा प्रत्याशी रोड निकालते हुए सभा स्थल तक समर्थकों के साथ पहुंचे। सब्जी मंडी के सामने स्थित मान्य फार्म में सभा होनी थी, जिसमें सभा करने के लिए कुर्सियां बिछाई गई थीं। सीओ और इंस्पेक्टर ने सभा होने से रोक दिया। जिसको लेकर समर्थकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा होते देखकर सपा प्रत्याशी चंदन ने समर्थकों को समझा-बुझाकर शांत किया और हाथ जोड़कर सभा करने से इंकार करते हुए सभी समर्थकों का आभार प्रकट किया।
एसडीएम ने दी अनुमति : चंदन
सपा प्रत्याशी चंदन सिंह चौहान का कहना है कि चार जनवरी को उन्होंने एसडीएम खतौली से रोड शो और मान्य फार्म में सभा करने की अनुमति ली थी। इसके बावजूद उन्होंने प्रशासन का सहयोग करते हुए खुद ही सभा करने से इंकार कर दिया।
सभा की परमीशन नहीं थी : सीओ
सीओ हरिराम यादव का कहना है कि सपा प्रत्याशी ने सिर्फ 500 समर्थकों के साथ रोड शो करने की परमीशन ली थी। सभा करने की परमीशन नहीं दी गई, इसलिए प्रत्याशी को सभा करने से रोका गया।